बिजली चोरी पर बिजली कंपनी की बड़ी कार्रवाई, 73 उपभोक्ता रंगेहाथ पकड़े
कनेक्शन कटने के बाद भी कहीं लाइन जोड़कर तो कहीं मीटर बायपास कर जला रहे थे बिजली
188 कनेक्शनों की जांच, 37 उपभोक्ताओं ने मौके पर जमा किए 7.30 लाख रुपए, धारा 135 और 138 के तहत होगी कार्रवाई
महासमुंद। बिजली बिल का बकाया चुकाए बिना कनेक्शन कटने के बाद भी चोरी-छिपे बिजली का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं पर बिजली कंपनी ने शिकंजा कस दिया है। महासमुंद और गरियाबंद जिले में चलाए गए विशेष जांच एवं डिस्कनेक्शन अभियान के दौरान 73 उपभोक्ता बिजली चोरी और अनधिकृत विद्युत उपयोग करते पकड़े गए। कोई कटी हुई लाइन को खुद जोड़कर बिजली जला रहा था तो कोई मीटर बायपास कर अथवा सीधे एलटी लाइन से अवैध हुकिंग कर विद्युत का उपयोग कर रहा था। सभी 73 मामलों में पंचनामा तैयार कर विद्युत अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के महासमुंद वृत्त द्वारा बकाया बिजली बिलों की वसूली और विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने के लिए महासमुंद, सरायपाली, पिथौरा एवं गरियाबंद संभाग में एक साथ सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान पूर्व में स्मार्ट मीटर के माध्यम से रिमोट डिस्कनेक्शन और नॉन-स्मार्ट मीटरों में भौतिक रूप से बिजली कनेक्शन काटे गए उपभोक्ताओं की जांच की गई। साथ ही बकाया राशि जमा नहीं करने वाले अन्य उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी विच्छेदित किए गए।
188 कनेक्शनों की जांच, 37 ने जमा किए 7.30 लाख
अभियान के दौरान कुल 188 विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई। इनमें 37 उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपने बकाया बिजली बिल जमा कर दिए। इनसे कंपनी को कुल 7 लाख 30 हजार रुपए की वसूली हुई। वहीं जांच में 73 उपभोक्ता ऐसे मिले, जो बिजली कनेक्शन विच्छेदित होने के बावजूद अवैध तरीके से बिजली का उपयोग कर रहे थे। इनके विरुद्ध विद्युत चोरी एवं अनधिकृत विद्युत उपयोग के प्रकरण तैयार किए गए।
सरायपाली में सबसे ज्यादा 28 मामले
जांच में सामने आए 73 मामलों में सबसे अधिक 28 प्रकरण सरायपाली संभाग के हैं। इसके अलावा महासमुंद संभाग में 23, पिथौरा में 15 और गरियाबंद संभाग में 7 उपभोक्ता अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए। संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 एवं 138 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। कंपनी द्वारा नियमानुसार बिजली चोरी एवं अनधिकृत उपयोग का आकलन कर बिलिंग की कार्रवाई की जा रही है। प्रकरणों को विशेष विद्युत न्यायालय में प्रस्तुत करने के साथ संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया भी की जाएगी।
मार्च 2027 तक जारी रहेगा अभियान
बिजली कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि के कारण जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं, वे भुगतान किए बिना स्वयं लाइन जोड़कर बिजली का उपयोग न करें। ऐसा करते पाए जाने पर तत्काल दोबारा कनेक्शन काटने के साथ धारा 135 एवं 138 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कंपनी ने चेतावनी दी है कि विच्छेदित कनेक्शन को केवल बकाया राशि जमा करने और विभागीय अनुमति मिलने के बाद ही दोबारा जुड़वाया जा सकता है। यह विशेष जांच एवं डिस्कनेक्शन अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि आगामी मार्च 2027 तक लगातार जारी रहेगा।
समाधान योजना से बकाया बिलों के निराकरण की अपील
विद्युत कंपनी ने उपभोक्ताओं से छत्तीसगढ़ शासन की समाधान योजना का लाभ लेने की अपील की है। पात्र उपभोक्ता योजना में पंजीयन कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत बकाया राशि जमा कर मूल राशि एवं अधिभार (सरचार्ज) में मिलने वाली छूट का लाभ उठा सकते हैं। कंपनी का कहना है कि पुराने बकाया बिलों का निराकरण कराकर उपभोक्ता अपने विद्युत कनेक्शन नियमित करा सकते हैं और भविष्य में कनेक्शन विच्छेदन सहित वैधानिक कार्रवाई से बच सकते हैं। बिजली कंपनी ने स्पष्ट किया है कि राजस्व वसूली, बिजली चोरी पर नियंत्रण और अवैध कनेक्शनों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
