बच्चों की सुरक्षा के लिए शिक्षकों को किया जागरूक, पॉक्सो और पॉश कानूनों का दिया प्रशिक्षण

‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल में विशेष शिविर, बाल शोषण की सूचना देना अनिवार्य; पीड़ित की पहचान उजागर करने पर भी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान
महासमुंद। बच्चों को लैंगिक अपराधों और शोषण से बचाने के साथ उनके अधिकारों की रक्षा के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत स्कूलों में जागरूकता की मुहिम तेज कर दी है। इसी कड़ी में पिटियाझर स्थित रिवरडेल वर्ल्ड स्कूल में शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ सदस्यों के लिए पॉक्सो और पॉश अधिनियम पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें शिक्षकों को बाल शोषण की पहचान, शिकायत की अनिवार्यता, पीड़ित बच्चों की गोपनीयता और कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशन में संचालित इस अभियान का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महासमुंद द्वारा किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण में जिला न्यायालय से पहुंचे न्यायिक मजिस्ट्रेट आदित्य जैन एवं प्रशिक्षु सिविल न्यायाधीश राहुल कुमार निराला ने शिक्षकों और कर्मचारियों को कानून की बारीकियों से अवगत कराया।
बच्चों के शोषण को रोकने में शिक्षकों की भूमिका अहम
न्यायिक मजिस्ट्रेट आदित्य जैन ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा देने का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी सुरक्षा का महत्वपूर्ण स्थान है। शिक्षक बच्चों के सबसे निकट होते हैं, इसलिए उनका जागरूक और संवेदनशील होना जरूरी है। बच्चों के साथ होने वाले शोषण को समय रहते पहचानने और रोकने में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। कई बार बच्चे डर और संकोच के कारण अपनी परेशानी किसी को नहीं बता पाते। ऐसे में शिक्षकों को उनकी बात गंभीरता से सुनकर संवेदनशीलता के साथ उचित कदम उठाना चाहिए।
18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को पॉक्सो कानून से संरक्षण
प्रशिक्षण में पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह कानून 18 वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा प्रदान करता है। इसके तहत यौन उत्पीड़न, छेड़छाड़, अश्लील गतिविधियों में शामिल करने और अश्लील सामग्री दिखाने जैसे अपराध दंडनीय हैं। किसी भी प्रकार के बाल लैंगिक अपराध की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना देना अनिवार्य है। सूचना छिपाने पर भी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। साथ ही पीड़ित बच्चे का नाम, फोटो, पता या उसकी पहचान उजागर करने वाली कोई भी जानकारी सार्वजनिक नहीं की जा सकती।
महिलाओं के सुरक्षित कार्यस्थल पर भी जोर
कार्यक्रम में पॉश अधिनियम के तहत कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम, उनके अधिकारों, सम्मान और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी गई। शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उनके व्यक्तिगत अधिकारों के साथ संस्थागत जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग रहने की समझाइश दी गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आफरीन बानो के निर्देशानुसार अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में पैरालीगल वॉलंटियर्स (अधिकार मित्रों) द्वारा भी लगातार जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य बच्चों और शिक्षकों तक बाल संरक्षण संबंधी कानूनी जानकारी पहुंचाना तथा विद्यालयों को सुरक्षित, संवेदनशील और विश्वासपूर्ण वातावरण के रूप में विकसित करना है। प्रशिक्षण में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.