धान खरीदी में गड़बड़ी पर प्रशासन का शिकंजा, तीन दिन में 1,892 कट्टा अवैध धान जब्त

जिलेभर में संयुक्त टीमों की कार्रवाई; निजी गोदामों, व्यापारियों और घरों में मिला अवैध भंडारण, पिकअप से 65 कट्टा धान का परिवहन करते वाहन भी पकड़ा
महासमुंद। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान के भंडारण और परिवहन पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने के लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। 20 से 22 नवंबर के बीच जिले की विभिन्न तहसीलों में चलाए गए अभियान में व्यापारियों, निजी गोदामों और घरों से बड़ी मात्रा में धान जब्त किया गया। कहीं सैकड़ों कट्टा धान बिना वैध दस्तावेज के भंडारित मिला तो कहीं पिकअप वाहन से अवैध परिवहन करते हुए धान पकड़ा गया। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर प्रशासन की यह कार्रवाई लगातार जारी है।
गांजर में 600 कट्टा धान पर कार्रवाई
20 नवंबर को तहसील कोमाखान के ग्राम गांजर में मनोज चंद्राकर पिता त्रिभुवन एवं चूरामन पिता भगनानी द्वारा राजेश साहू पिता दशरथ साहू के घर में रखे गए 600 कट्टा धान को मंडी अधिनियम के तहत जब्त किया गया। इसी दिन महासमुंद तहसील के ग्राम बम्हनी में फुटकर व्यापारी वीरेंद्र यादव पिता खिलावन यादव के यहां निर्धारित मात्रा से अधिक भंडारित 52.80 क्विंटल यानी 132 कट्टा धान जब्त किया गया। वहीं धान उपार्जन केंद्र बम्हनी एवं बरोण्डा बाजार के निरीक्षण में धान के स्टैक तिरपाल से ढके मिले। अधिकारियों ने समिति प्रबंधकों को तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था, रस्सियों से मजबूती से बांधने और जल निकासी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
सरायपाली, बसना और बागबाहरा में भी छापेमारी
21 नवंबर को सरायपाली तहसील के ग्राम में प्रहलाद साहू के गोदाम से 100 कट्टा धान जब्त किया गया। बसना तहसील के ग्राम गेर्राभांठा में लोकेश नायक के पास से 40 कट्टा और दुरुगपाली में पद्मलोचन प्रधान के पास से 50 कट्टा धान जब्त किया गया। खेमड़ा निवासी राकेश पांडे को पिकअप वाहन में 65 कट्टा धान का परिवहन करते पकड़ा गया। वाहन सहित धान को मंडी विभाग के सुपुर्द किया गया। बागबाहरा विकासखंड के ग्राम टोंगोपानी में योगेश साहू के पास से 50 कट्टा अवैध धान मिलने पर कार्रवाई की गई।
मरौद में 60 कट्टा, पिथौरा में 300 पैकेट जब्त
एसडीएम महासमुंद आस्था बोरकर के नेतृत्व में मंडी सचिव पूरन सिंह कश्यप, खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा एवं मंडी उपनिरीक्षक अखिलेश राठिया की संयुक्त टीम ने ग्राम मरौद में मितेश्वर साहू के प्रतिष्ठान की जांच की। यहां 60 कट्टा यानी 24 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित मिला, जिसे मंडी अधिनियम के तहत जब्त किया गया। टीम ने मरौद धान उपार्जन केंद्र का भी निरीक्षण किया। वहीं पिथौरा तहसील के ग्राम बाम्हनी में एसडीएम ने कृषक वीके अग्रवाल के निजी गोदाम की जांच की। यहां रबी फसल का 300 पैकेट धान भंडारित मिलने पर जब्ती की कार्रवाई की गई।
कोमाखान और सरायपाली में तीसरे दिन भी कार्रवाई
22 नवंबर को कोमाखान तहसील के ग्राम कोमाखान में प्रशांत उर्फ मयंक चंद्राकर के गोदाम से रबी फसल का 150 कट्टा धान जब्त किया गया। ग्राम पतेरापाली में गोवर्धन पिता कपूर चंद साहू के घर से 75 कट्टा धान बरामद हुआ। ग्राम चिवराकुटा में वासुदेव पाढ़ी के गोदाम में रबी फसल का 350 बोरा धान भंडारित मिलने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसी तरह सरायपाली तहसील के ग्राम डोंगराकछार में रुसबो बरिहा के घर से 55 कट्टा धान जब्त किया गया।
उपार्जन केंद्रों से लेकर निजी गोदामों तक निगरानी
धान खरीदी में अवैध धान की खपत, निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण और बिना अनुमति परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। उपार्जन केंद्रों के साथ निजी गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान परिवहन की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अनियमितता की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच करें और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करें।

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.