जंगल में पेड़ से फांसी पर लटका मिला पुलिस आरक्षक का शव
पुलिस कंट्रोल रूम में पदस्थ था 29 वर्षीय मिथिलेश कुमार लेढिया, घटनास्थल से नहीं मिला सुसाइड नोट; आत्महत्या की वजह अब तक अज्ञात
महासमुंद। शहर से करीब सात किलोमीटर दूर ग्राम मुड़मार बांधा के जंगल में शनिवार सुबह पुलिस आरक्षक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मिथिलेश कुमार लेढिया (29), पिता दिनेश कुमार लेढिया के रूप में हुई है। वह महासमुंद पुलिस कंट्रोल रूम में आरक्षक के पद पर पदस्थ था। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल सामने नहीं आया है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7 बजे जंगल में पेड़ पर एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मृतक आरक्षक अपनी बाइक क्रमांक सीजी 24 जे 6679 से जंगल पहुंचा था। पुलिस ने घटनास्थल से उसकी बाइक जब्त कर ली है।
पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में आरक्षक ने किन परिस्थितियों में यह आत्मघाती कदम उठाया, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस आरक्षक की असामयिक मौत से पुलिस महकमे और परिजनों में शोक का माहौल है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
