पात्रता 42 क्विंटल की, बेच दिया 80 क्विंटल धान; किसान का भुगतान रोका

बरनईदादर धान खरीदी केंद्र का मामला, जांच में करीब 38 क्विंटल अधिक बिक्री का खुलासा; खरीदी प्रभारी को कारण बताओ नोटिस
महासमुंद। धान खरीदी में अनियमितता का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। निर्धारित पात्रता से अधिक धान बेचने के मामले में कलेक्टर विनय लंगेह ने संबंधित किसान का भुगतान रोकने के निर्देश दिए हैं। वहीं, खरीदी केंद्र के प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
मामला धान उपार्जन केंद्र बरनईदादर (समिति पथरला) का है। यहां ग्राम भतकुंदा निवासी कृषक कांतिलाल पटेल ने 19 नवंबर को एक ही दिन में 80 क्विंटल धान का विक्रय किया था। इसकी शिकायत मिलने पर राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में किसान के नाम कुल 2.52 हेक्टेयर भूमि दर्ज होना पाया गया, जिसमें से 2.24 हेक्टेयर में धान की फसल का पंजीयन कराया गया था।
शासन के नियमानुसार प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदी का प्रावधान है। जांच के दौरान तैयार पंचनामा में किसान की लगभग 2 एकड़ भूमि पर ही धान की फसल कटाई होना पाया गया। इस आधार पर किसान की धान बिक्री की पात्रता करीब 42 क्विंटल आंकी गई, जबकि उसने 80 क्विंटल धान बेच दिया। इस तरह प्रथम दृष्टया करीब 38 क्विंटल धान निर्धारित पात्रता से अधिक बेचे जाने का मामला सामने आया है।
जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए किसान के धान का भुगतान रोकने का निर्देश दिया है। साथ ही खरीदी केंद्र के प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से धान खरीदी केंद्रों में पंजीकृत रकबे और वास्तविक फसल उत्पादन के आधार पर खरीदी की व्यवस्था पर निगरानी बढ़ने के संकेत मिले हैं।

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.