विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत गरियाबंद जिले में मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन

गरियाबंद, 13 नवम्बर 2026/भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के संदर्भ में निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत 12 नवंबर को गरियाबंद जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया है। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 54-राजिम के 298 तथा 55-बिन्द्रानवागढ़ के 308 मतदान केन्द्रों में मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। प्रारंभिक मतदाता सूची के संबंध में 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में संबंधित मतदान केन्द्रों पर अभिहित अधिकारी कार्यालयीन समय में उपस्थित रहेंगे, जहां नागरिक अपने आवेदन जमा कर सकेंगे। प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा।
इसके पश्चात 04 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय ने नागरिकों से अपील की है कि जिन युवाओं की आयु 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है तथा जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे संबंधित मतदान केन्द्र में फार्म-6 जमा कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन माध्यम से डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट एनवीएसपी पर भी आवेदन किया जा सकता है। पुनरीक्षण अवधि के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन भी किया जाएगा तथा पात्र नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
साथ ही सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। नाम, पता अथवा अन्य विवरण में त्रुटि होने पर फार्म-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए मृत तथा स्थानांतरित मतदाताओं की जानकारी भी संबंधित अभिहित अधिकारी को देने की अपील की गई है। जिला निर्वाचन कार्यालय ने जिले के सभी नागरिकों से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अद्यतन, स्वच्छ एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने में सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया है।