उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के 40 सौर ऊर्जा संयंत्रों को मिला नया जीवन

क्रेडा ने सोलर पैनल, बैटरी एवं अन्य उपकरणों को बदलकर संयंत्रों को किया सुचारू, ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर बिजली सुविधा
गरियाबंद, 13 नवम्बर 2026/ उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के सुदूर वनांचल में स्थित सौर विद्युतीकृत गांवों के ग्रामीणों को अब रात्रि के समय बेहतर बिजली सुविधा मिल सकेगी। छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा क्षेत्र में वर्षों पुराने हो चुके सौर ऊर्जा संयंत्रों के सोलर पैनल, बैटरी बैंक, इन्वर्टर एवं अन्य खराब उपकरणों को बदलने तथा आवश्यक मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। प्रथम चरण में 40 सौर ऊर्जा संयंत्रों को दुरुस्त कर पुनः सुचारू रूप से कार्यशील बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अनेक गांवों में स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्र लगभग 15 से 20 वर्ष पुराने हो चुके थे। समय के साथ सोलर पैनलों की विद्युत उत्पादन क्षमता घटने तथा बैटरियों के खराब होने के कारण ग्रामीणों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही थी। विशेषकर रात्रि के समय प्रकाश व्यवस्था प्रभावित होने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों ने पूर्व में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के राजापड़ाव क्षेत्र में लगभग 14 घंटे तक चक्काजाम कर अपनी नाराजगी जताई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने अपने खून से पत्र लिखकर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया था।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए क्रेडा को उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के 45 गांवों में स्थापित सौर ऊर्जा संयंत्रों को तत्काल कार्यशील बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देशों के पालन में क्रेडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्रधान कार्यालय द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रथम चरण में 14 ग्राम पंचायतों के आश्रित गांवों में स्थापित 40 सौर ऊर्जा संयंत्रों के सोलर पैनल, बैटरी बैंक, इन्वर्टर एवं जर्जर कंट्रोल रूम की मरम्मत तथा आवश्यक उपकरणों के प्रतिस्थापन का कार्य कराया गया है।
इन कार्यों से साहेबिनकछार, नागेश, करलाझर, कोदोमाली, गौरगांव, लाटापारा, झोलाराव, गरहाडीह, बोरईडीह, मोंगराडीह, कुचेंगा, भाटापानी, गरिबा, गाजीमुड़ा, बरगांव (कुर्सभाठा), डूमरपड़ाव, जांगड़ा, बरगांव (कोकड़ी), कोकड़ी, नगबेल, छिंदभरी, तौरेंगा, जुगाड़, बुडगेलटप्पा, डुमरघाट, रक्शापथरा, आमामोरा, ओड़ एवं कमारनौंदी सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों के सौर ऊर्जा संयंत्रों को पुनः कार्यशील बनाया गया है।
मुख्यमंत्री की पहल से सुदूर वनांचल के ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। सौर ऊर्जा संयंत्रों के सुचारू संचालन से ग्रामीण परिवारों की दैनिक गतिविधियों, बच्चों की पढ़ाई तथा रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था में सुधार होगा। साथ ही स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रथम चरण में 40 सौर ऊर्जा संयंत्रों के नवीनीकरण एवं मरम्मत से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं क्रेडा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है। साथ ही क्षेत्र के शेष गांवों में भी खराब सौर ऊर्जा संयंत्रों के लिए नई बैटरियों एवं सोलर पैनलों की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है।