ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देता है कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल : विधायक यादव

लिलेसर में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह; युवाओं से खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील
बागबाहरा। ग्राम लिलेसर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल आयोजनों को प्रतिभाओं को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
इस अवसर पर विधायक यादव ने कहा कि कबड्डी ग्रामीण अंचलों का लोकप्रिय पारंपरिक खेल है, जो केवल शारीरिक क्षमता ही नहीं, बल्कि अनुशासन, साहस, धैर्य और सामूहिक एकजुटता की भी परीक्षा लेता है। ऐसे आयोजनों से गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता है। साथ ही युवाओं में प्रतिस्पर्धा की भावना और टीम भावना विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण और स्वस्थ जीवनशैली के लिए बेहद जरूरी हैं। ग्रामीण स्तर पर कबड्डी जैसी प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन होना चाहिए, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें। उन्होंने युवाओं से खेलों के प्रति रुचि बनाए रखने तथा नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम में विष्णु बंजारा, करण सिंह दीवान, पूनम मानिकपुरी, ज्वेल तांडी, तुलसी दीवान, श्रीलाल बरिहा, केशव साहू, अश्वनी यादव, अश्वनी ठाकुर, घसिया राम खड़िया, हीरश बंजारा, इंद्रजीत ध्रुव, हेमसागर बंजारा, प्रेमलाल नायक एवं खेमसिंह बंजारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।