खट्टी-आमाकोनी-लभरा सड़क की प्रशासकीय स्वीकृति की मांग तेज

ग्रामीणों ने विधायक से की मुलाकात, जल्द स्वीकृति का मिला भरोसा; फिलहाल सड़क मरम्मत के निर्देश
महासमुंद। खट्टी-आमाकोनी-लभरा मार्ग के निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों ने विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा से मुलाकात की। ग्रामीणों ने मार्ग की जर्जर स्थिति और क्षेत्र में आवागमन की जरूरत को देखते हुए सड़क निर्माण को जल्द प्रशासकीय स्वीकृति दिलाने की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग के निर्माण से कई गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
ग्रामीणों की मांग पर विधायक सिन्हा ने कहा कि सड़क निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति के लिए आवश्यक प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और आवागमन को सुगम बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। संबंधित विभागीय स्तर पर सड़क की स्वीकृति के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
स्थायी निर्माण तक मरम्मत पर जोर
विधायक ने ग्रामीणों को तत्काल राहत देने के लिए मार्ग के मरम्मत कार्य को जल्द शुरू कराने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सड़क की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने और निर्माण कार्य शुरू होने तक मार्ग की स्थिति में सुधार जरूरी है, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और उम्मीद जताई कि मार्ग को जल्द स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलेगी।
मुलाकात के दौरान भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष दिग्विजय साहू, ग्रामीण मंडल महामंत्री माखन सिन्हा सहित बोरियाझर, बकमा, परसदा (ख), खट्टी, लभराकला, पोटिया, आमाकोनी, तुसदा, डुमरपाली, खम्हरिया, जोगीडीपा और बोडराबांधा सहित आसपास के गांवों के सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।