पोल्ट्री फार्म में खड़े दो ट्रैक्टरों पर चोरों का हाथ साफ, 16 हजार की बैटरियां पार
महासमुंद। कौंसरा में पोल्ट्री फार्म में खड़े दो ट्रैक्टरों से अज्ञात चोरों ने बैटरियां पार कर दीं। चोरी गई दोनों बैटरियों की कीमत करीब 16 हजार रुपए बताई गई है। घटना का पता 22 अक्टूबर की सुबह चला। शिकायत पर तेंदूकोना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक कौंसरा निवासी मोतीराम साहू ने खेती के काम के लिए महिंद्रा ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 06 ई 3516 खरीदा है। वहीं उसके भतीजे नारायण साहू के पास सोनालिका ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 06 एचए 9307 है। खेती का काम पूरा होने के बाद दोनों ट्रैक्टरों को नारायण साहू के पोल्ट्री फार्म में खड़ा किया जाता था।
मोतीराम साहू ने बताया कि 22 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे जब वह पोल्ट्री फार्म पहुंचा तो दोनों ट्रैक्टरों की बैटरियां गायब मिलीं। आसपास तलाश करने के बाद भी बैटरियों का कोई पता नहीं चला। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
रिपोर्ट के आधार पर तेंदूकोना पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब चोर की पहचान और चोरी गई बैटरियों की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।
