मां के पैसों को लेकर विवाद, चाकू से हमला

महासमुंद। शहर के सुभाष नगर में मां के पैसों को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए चाकू से हमला कर दूसरे व्यक्ति को घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 21 सुभाष नगर निवासी पुणेन्द्र सेन पिता स्व. जीवन लाल सेन ने शिकायत दर्ज कराई है। घटना 29 अक्टूबर की रात करीब 10.45 बजे की बताई गई है। शिकायत के मुताबिक सितेश सेन पिता स्व. जीवन लाल सेन (45) ने मां के पैसों की बात को लेकर पुणेन्द्र से विवाद किया। आरोप है कि उसने अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और अपने पास रखे चाकू से हमला कर चोट पहुंचाई। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को रिपोर्ट दी। कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 118(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।