घरों की बाड़ी तक पहुंचा तेंदुआ, बत्तख और गर्भवती बकरी का शिकार

महासमुंद। बागबाहरा क्षेत्र में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। जंगल और पहाड़ी इलाकों तक सीमित रहने वाला तेंदुआ अब आबादी के बीच स्थित घरों और बाड़ियों तक पहुंचने लगा है। शुक्रवार रात पंडरीपानी गांव में तेंदुए ने दो अलग-अलग घरों में घुसकर एक बत्तख और गर्भवती बकरी का शिकार कर लिया। लगातार सामने आ रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात तेंदुआ सबसे पहले पंडरीपानी निवासी चैतराम पांडे के घर में घुसा और बत्तख को मार डाला। इसके बाद वह पड़ोस में स्थित कुसनो के बकरी शेड में पहुंचा, जहां उसने गर्भवती बकरी का शिकार कर लिया। आबादी के बीच तेंदुए की इस तरह आवाजाही से ग्रामीणों में भय बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि अब घरों के आसपास भी पालतू मवेशी सुरक्षित नहीं हैं।
कारीपाट में युवक पर हमला, झिटकी में छह घायल
तेंदुए की गतिविधियों का यह पहला मामला नहीं है। 3 अक्टूबर को कारीपाट पहाड़ में लक्ष्मी चंद यादव पर तेंदुए ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हमले के निशान अभी भी उसके शरीर पर हैं। इसके अगले ही दिन झिटकी गांव में तेंदुए ने छह लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। घटना के बाद वन विभाग की टीम ने हमले में शामिल तेंदुए का रेस्क्यू किया था, लेकिन बाद में उसकी मौत हो गई।
कई गांवों में तेंदुए की मौजूदगी की खबर
पंडरीपानी और झिटकी के अलावा बोकरामुड़ा, बोकरामुड़ा खुर्द, बेहराभांठा, बनियातोरा और परकोम क्षेत्र में भी अलग-अलग समय पर तेंदुए की मौजूदगी की सूचनाएं सामने आती रही हैं। 20 अक्टूबर की रात भी कुछ क्षेत्रों में तेंदुए की गतिविधियां देखे जाने की जानकारी मिली थी।
लगातार सामने आ रही घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बच्चों और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा के साथ पालतू मवेशियों को बचाना भी ग्रामीणों के लिए चुनौती बन गया है। रात में घर से बाहर निकलने और मवेशियों को बाड़ी में बांधने तक से लोग डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित गांवों में नियमित गश्त, तेंदुए की गतिविधियों की निगरानी, तत्काल सूचना तंत्र और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिली है। पंडरीपानी सहित आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है। मुआवजे का प्रकरण बनाकर संबंधित व्यक्ति को नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा। तेंदुए के रेस्क्यू के संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है।
नवीन वर्मा, रेंजर, बागबाहरा