नगर विकास को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव से मिले नपा अध्यक्ष निखिलकांत साहू

सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और अधोसंरचना विस्तार सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा
महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने गुरुवार को राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव से उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने उपमुख्यमंत्री के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की। मुलाकात के दौरान महासमुंद नगर के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
नगर पालिका अध्यक्ष साहू ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष महासमुंद शहर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने नगर की अधोसंरचना के विस्तार के साथ सड़क, नाली, पेयजल और स्वच्छता से संबंधित योजनाओं की स्थिति से भी अवगत कराया। इसके अलावा शहर के सौंदर्यीकरण, नए वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।
अध्यक्ष साहू ने नगर विकास से संबंधित आवश्यकताओं और प्रस्तावित कार्यों के संबंध में शासन स्तर पर सहयोग की अपेक्षा रखी। उन्होंने कहा कि महासमुंद को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त शहर बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विकास कार्यों को गति देने के लिए शासन का सहयोग मिलने से शहर में अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं का विस्तार और बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।
इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने महासमुंद नगर पालिका द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए शासन स्तर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुलाकात को नगर विकास से जुड़े प्रस्तावों और जनहित के मुद्दों को शासन के समक्ष रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।