जय मां खल्लारी मंदिर में 11 से शारदेय नवरात्र महोत्सव
घट स्थापना से होगा शुभारंभ, 18 अक्टूबर को महाअष्टमी पर हवन व कन्या पूजन
महासमुंद। नेशनल हाईवे-53 स्थित जय मां खल्लारी मंदिर, कोडारबांध में शारदेय क्वांर नवरात्र महोत्सव का आयोजन 11 अक्टूबर से किया जाएगा। नवरात्र महोत्सव को लेकर मंदिर समिति ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। समिति अध्यक्ष किशोर चंद्राकर ने बताया कि आश्विन शुक्ल प्रतिपदा रविवार 11 अक्टूबर को सुबह 11.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक घट स्थापना एवं ज्योति प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
महोत्सव के तहत 15 अक्टूबर गुरुवार को पंचमी के अवसर पर माता का श्रृंगार एवं विशेष पूजा-अर्चना होगी। वहीं 17 अक्टूबर शनिवार को सप्तमी तिथि पर कालरात्रि महानिशा पूजा का आयोजन किया जाएगा।
18 अक्टूबर को महाअष्टमी पर विशेष आयोजन होगा। क्वांर शुक्ल अष्टमी के अवसर पर दुर्गाष्टमी, अशोका अष्टमी एवं महाअष्टमी पूजन सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगा। इसके बाद सुबह 11 बजे से हवन शुरू होगा। दोपहर 1 बजे के बाद पूर्णाहुति, कन्या पूजन एवं प्रसादी वितरण किया जाएगा।
नवरात्र महोत्सव का समापन 19 अक्टूबर सोमवार को क्वांर शुक्ल नवमी के अवसर पर जंवारा विसर्जन के साथ होगा। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से नवरात्र के विभिन्न धार्मिक आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माता के दर्शन-पूजन का लाभ लेने की अपील की है।
समिति के प्रचार सचिव राजेश्वर खरे ने बताया कि नवरात्र के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक आयोजनों को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां की जा रही हैं।
