प्रतिबंधित इंजेक्शन और सिरप जब्त, तीन गिरफ्तार

महासमुंद। बलौदा पुलिस ने बाइक से प्रतिबंधित इंजेक्शन और सिरप का परिवहन कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कोडीन फॉस्फेट एंड ट्राइप्रोलिडाइन हाइड्रोक्लोराइड सिरप और 79 नग पेंटाजोसाइन लैक्टेट इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 6 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवक लाल रंग की होंडा शाइन बाइक क्रमांक सीजी 06 एचसी 2516 से पदमपुर, ओडिशा की ओर से सरायपाली की तरफ आ रहे हैं। उनके पास अवैध मादक पदार्थ के रूप में प्रतिबंधित सिरप और इंजेक्शन होने की सूचना थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने सिरपुर नाका के पास बाइक को रोककर तीनों युवकों से पूछताछ की। उन्होंने अपना नाम वार्ड-1 वीरेंद्र नगर सरायपाली निवासी सुमित बारिक (20), दुर्गेश चौहान (21) और वार्ड-7 झिलमिला निवासी सुमित कुमार पाणिग्रही (18) बताया।
बाइक की डिक्की की तलाशी लेने पर नीले रंग के थैले में प्रतिबंधित दवाइयां मिलीं। पुलिस ने कुल 2484.30 रुपए कीमत का कोडीन फॉस्फेट एंड ट्राइप्रोलिडाइन हाइड्रोक्लोराइड सिरप तथा 4740 रुपए कीमत के 79 नग पेंटाजोसाइन लैक्टेट इंजेक्शन जब्त किए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत कार्रवाई की है।