ओडिशा से गांजा मंगाकर गुजरात में खपाने वाला आरोपी सूरत से गिरफ्तार

महासमुंद। अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए एएनटीएफ और कोमाखान पुलिस ने गांजा मंगाने वाले फॉरवर्ड लिंक को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी को सूरत से पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा से गांजा मंगाकर गुजरात में खपाने की व्यवस्था करता था।
पुलिस ने पूर्व में एक आयशर ट्रक से 32.070 किलो गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जब्त गांजे की कीमत करीब 16 लाख 3 हजार 500 रुपए बताई गई थी।
पुलिस के अनुसार 5 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आयशर ट्रक क्रमांक जीजे 19 वाय 3344 में दो लोग गांजा लेकर आ रहे हैं। टेमरी जांच नाका के पास ट्रक को रोककर पूछताछ की गई। आरोपियों ने अपना नाम तलरामपल्ली, जिला गंजाम ओडिशा निवासी प्रदीप महापात्र (52) और बादरखपल्ली निवासी हाडुबंधु स्वांई (47) बताया।
पूछताछ में दोनों ने गांजा को बेगुनियापड़ा, गंजाम से सूरत, गुजरात ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ई)(कक)(उ) और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को गांजा मंगाने वाले कृष्णचंद प्रधान के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद तकनीकी एवं डाटा एनालिसिस की मदद से अमरोली निवासी कृष्णचंद प्रधान (42) को सूरत से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि गांजा तस्करी की पूरी चेन को तोड़ने के लिए एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है।