नारायणपुर जिले के 17 दिव्यांगजनों को मिला कृत्रिम अंग एवं उपकरणों का लाभ
नारायणपुर, 07 अक्टूबर 2026// कलेक्टर नम्रता जैन के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के आईडी ब्लास्ट से पीड़ित एवं विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए क्रीड़ा परिसर, जगदलपुर में आयोजित विशाल दिव्यांगजन शिविर में शामिल कराया गया।
शिविर में जिले के आईडी ब्लास्ट से पीड़ित 03 दिव्यांगजन एवं चिन्हांकित विशेष आवश्यकता वाले 14 दिव्यांगजनों सहित कुल 17 दिव्यांगजनों ने भाग लिया। दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को आयोजित शिविर में आईडी ब्लास्ट से पीड़ित 01 दिव्यांगजन को कृत्रिम पैर प्रदान किया गया, जबकि 02 दिव्यांगजनों के पूर्व से लगे कृत्रिम पैर की जांच एवं आवश्यक सुधार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
इसी प्रकार 06 अक्टूबर 2026 को आयोजित शिविर में जिले के चिन्हांकित 14 विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांगजनों को विभिन्न कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इनमें 02 दिव्यांगजनों को कैलिपर्स सहित एल्बो, 01 दिव्यांगजन को कृत्रिम पैर, 06 दिव्यांगजनों को जूता सपोर्ट सहित उपकरण तथा 01 दिव्यांगजन को बैसाखी प्रदान की गई। वहीं शेष 04 दिव्यांगजनों के पूर्व से लगे कृत्रिम अंग एवं उपकरणों की जांच कर आवश्यक सुधार की सुविधा दी गई।
जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की पहल से उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा मिलेगी।
