बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन, 30 अक्टूबर तक कराएं पंजीयन
नारायणपुर, 07 अक्टूबर 2026// छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बस्तर संभाग के युवाओं में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने, पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने तथा जनजातीय बहुल एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को खेल के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक 2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन विकासखण्ड, जिला एवं संभाग स्तर पर किया जाएगा।
बस्तर ओलंपिक में जूनियर वर्ग (14 से 17 वर्ष) एवं सीनियर वर्ग (17 वर्ष से अधिक) के युवक-युवतियां तथा महिला-पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। इसके अलावा माओवाद प्रभावित दिव्यांगजनों एवं पुनर्वासित व्यक्तियों के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताएं सीधे संभाग स्तर पर आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, ट्रॉफी/शील्ड एवं नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
बस्तर ओलंपिक के अंतर्गत एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, हॉकी एवं वेटलिफ्टिंग सहित विभिन्न खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। एथलेटिक्स में 100, 200 एवं 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, तवा फेंक, भाला फेंक, लंबीकूद, ऊंचीकूद तथा 4×100 मीटर रिले जैसी स्पर्धाएं शामिल हैं। वहीं तीरंदाजी में इंडियन राउंड की 30 एवं 50 मीटर स्पर्धाएं एकल एवं टीम वर्ग में होंगी।
इस प्रकार होगा आयोजन
विकासखण्ड स्तरीय बस्तर ओलंपिक का आयोजन 01 से 13 नवंबर 2026 तक, जिला स्तरीय प्रतियोगिता 16 से 25 नवंबर 2026 तक तथा संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक 07 से 11 दिसंबर 2026 के मध्य आयोजित किया जाएगा। हॉकी एवं वेटलिफ्टिंग की प्रतियोगिताएं जिला स्तर पर आयोजित की जाएंगी।
30 अक्टूबर तक करा सकते हैं पंजीयन
इच्छुक खिलाड़ी 30 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीयन करा सकते हैं। ऑनलाइन पंजीयन के लिए वेबसाइट तलउब.बह.हवअ.पद/इंेजंतव्सलउचपब पर आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा खिलाड़ी जनपद पंचायत नारायणपुर/ओरछा, खण्ड शिक्षा अधिकारी नारायणपुर/ओरछा, नगरपालिका परिषद नारायणपुर तथा कार्यालय जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला नारायणपुर में संपर्क कर ऑफलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
