महासमुंद-तुमगांव-अछोला मार्ग के चौड़ीकरण को मिली 8.16 करोड़ की मंजूरी
3 किमी सड़क का होगा चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा की मांग पर बजट में हुआ था शामिल
महासमुंद। महासमुंद विधानसभा क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना को मजबूती देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। महासमुंद-तुमगांव-अछोला मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए 816.15 लाख रुपए (8 करोड़ 16 लाख 15 हजार रुपए) की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। करीब 3 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार जताया है। विधायक ने कहा कि जनता की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने इस सड़क के निर्माण की मांग शासन के समक्ष रखी थी, जिसे बजट वर्ष 2025-26 में शामिल किया गया था।
विधायक सिन्हा ने कहा कि क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी मांग को प्राथमिकता के साथ स्वीकृति मिली है। सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से आवागमन सुगम होगा तथा आम लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना हैं। बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि और व्यापार समेत विभिन्न क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अधोसंरचना विकास को गति मिल रही है। महासमुंद विधानसभा क्षेत्र में भी आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के आशीर्वाद से वे विधानसभा क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
