तीन जगह शराब पर पुलिस की दबिश, 170 लीटर महुआ और 40 पौवा देशी शराब जब्त

महासमुंद। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। 5 अक्टूबर को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 170 लीटर महुआ शराब और 40 पौवा देशी शराब जब्त की है। शराब परिवहन में इस्तेमाल स्कूटी भी पुलिस ने जब्त की। जब्त शराब की कुल कीमत करीब 29 हजार 200 रुपए बताई गई है। पहली कार्रवाई में बसना पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम दलदली के सामने जंगल से रनकोट जाने वाली पगडंडी के रास्ते तीन व्यक्ति महुआ शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर ग्राम गढ़गांव, चौकी भंवरपुर निवासी विजय कुमार (30), त्यागी सोनी (29) और महेश राम यादव (50) को पकड़ लिया। तलाशी में उनके कब्जे से करीब 100 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है। दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक जुपिटर स्कूटी से देशी शराब का परिवहन कर रहा है। भंवरपुर पुलिस ने ग्राम जमदरहा हाईस्कूल के पास घेराबंदी कर ग्राम भैरोपुर निवासी सूर्यकांत चौहान (19) को पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से 40 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद हुई। शराब परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। तीसरी कार्रवाई में सरायपाली पुलिस ने 5 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे ग्राम आंवलाचक्का मेन रोड पर दबिश दी। यहां आंवलाचक्का निवासी अमित कुमार बसंत (32) के कब्जे से करीब 30 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कीमत करीब 6 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।