किसानों की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आज ट्रैक्टर रैली, कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे किसान

महासमुंद। भारतीय किसान संघ की ओर से 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 8 अक्टूबर को जिला स्तरीय ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी। किसान संघ का आरोप है कि शासन ने किसानों से किए वादे पूरे नहीं किए हैं। रैली के माध्यम से किसान अपनी मांगों को लेकर शासन का ध्यान आकर्षित करेंगे।
संघ के जिला उपाध्यक्ष बृजलाल साहू, धनंजय साहू एवं बागबाहरा तहसील अध्यक्ष रोशनलाल साहू ने बताया कि किसान संघ ने शासन के समक्ष 10 सूत्रीय मांगें रखी हैं। इनमें विद्युत विभाग के निजीकरण पर रोक लगाने तथा वर्ष 2022-23 में खरीदे गए धान का एक करोड़ रुपए से अधिक बकाया भुगतान कराने की मांग प्रमुख है।
उन्होंने बताया कि किसान बरोंडा चौक से ट्रैक्टरों के साथ रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। यहां शासन के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की मांगों का निराकरण करने की मांग की जाएगी।