कोटवार ग्रामीण प्रशासन की अहम कड़ी, समस्याओं के निराकरण का दिया भरोसा
विधायक ने ली कोटवारों की बैठक, गांवों में सामने आने वाली व्यवहारिक दिक्कतों और लंबित मांगों पर हुई चर्चा
महासमुंद। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने विधायक कार्यालय में कोटवारों की बैठक लेकर उनके कार्यों और समस्याओं की जानकारी ली। बैठक में बड़ी संख्या में कोटवार शामिल हुए। विधायक ने गांवों में कार्य के दौरान सामने आने वाली व्यवहारिक दिक्कतों, दायित्वों और लंबित समस्याओं पर चर्चा की। कोटवारों ने भी अपनी विभिन्न मांगें और कार्य संबंधी परेशानियां विधायक के समक्ष रखीं।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन और आमजन के बीच कोटवारों की भूमिका पर विशेष रूप से चर्चा हुई। गांवों में राजस्व एवं प्रशासन से जुड़ी सूचनाएं लोगों तक पहुंचाने, शासन की गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी देने तथा स्थानीय प्रशासन को सहयोग प्रदान करने में कोटवारों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया गया।
विधायक सिन्हा ने कहा कि कोटवार ग्रामीण प्रशासन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और शासन-प्रशासन तथा ग्रामीणों के बीच मजबूत कड़ी के रूप में काम करते हैं। शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में स्थानीय स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों की भूमिका अहम है।
उन्होंने कोटवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनकी मांगों पर उचित स्तर पर पहल करने का भरोसा दिलाया। साथ ही अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और तत्परता से करने का आग्रह किया।
बैठक में भाजपा नेता गोविंद ठाकुर एवं शरद मराठा सहित बड़ी संख्या में कोटवार उपस्थित रहे।
