सौर ऊर्जा से बदली सोच, योगेश अंबादे बने ‘ऊर्जा दाता’
मोहला 6अक्टूबर 2026। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं आज ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई रोशनी पहुंचाने के साथ-साथ लोगों को आत्मनिर्भरता और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ा रही हैं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की इसी पहल का लाभ विकासखंड मोहला अंतर्गत ग्राम बंजारी निवासी योगेश अंबादे को मिला।
योगेश अंबादे को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना के अंतर्गत ‘ऊर्जा दाता’ प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। सौर ऊर्जा के उपयोग से जुड़कर उन्होंने न केवल स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को अपनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है, बल्कि ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित की है। ऊर्जा दाता प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर योगेश अंबादे ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। सूर्य की रोशनी से बिजली उत्पादन की पहल से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है और लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है। उन्होंने कहा कि शासन की ऐसी योजनाएं आम नागरिकों को नई तकनीक अपनाने और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करती हैं।
योगेश अंबादे ने योजना का लाभ दिलाने और प्रमाण पत्र प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने शासन-प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे पात्र हितग्राहियों को अपने घर और गांव में ही शासन की योजनाओं से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुक्त बिजली योजना स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और सौर ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वहीं, सेवा संकल्प अभियान इस प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
