जॉब कार्ड से मिली नई उम्मीद, शंकर लाल हरामे ने कहा मिलेगा अब योजनाओं का लाभ
मोहला 6 अक्टूबर 2026। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जब जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचती हैं, तो वे केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं बनतीं, बल्कि उनके जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास भी जगाती हैं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की इसी भावना का जीवंत उदाहरण विकासखंड मोहला के ग्राम पाटनवाड़वी निवासी शंकर लाल हरामे हैं।
शंकर लाल हरामे को वीबी-जी रामजी योजना अंतर्गत जॉब कार्ड प्राप्त हुआ। जॉब कार्ड मिलने पर उनके चेहरे पर संतोष और खुशी साफ नजर आई। उन्होंने बताया कि अब उन्हें योजना के अंतर्गत मिलने वाली 300 रुपए की राशि का लाभ प्राप्त होगा। उनके लिए यह सहायता राशि भले ही छोटी लगे, लेकिन परिवार की जरूरतों के बीच यह राशि महत्वपूर्ण सहारा बनेगी।
शंकर लाल ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ गांव तक पहुंचना ग्रामीण परिवारों के लिए बड़ी सुविधा है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में शासन की योजनाओं के प्रति विश्वास और जागरूकता बढ़ रही है।
उन्होंने इस लाभ के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। शंकर लाल का कहना है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से गांव के लोगों को अपने जीवन को बेहतर बनाने का अवसर मिल रहा है।
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। जॉब कार्ड जैसे दस्तावेज ग्रामीणों को रोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं तक पहुंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान, योजनाओं की जानकारी और पात्र हितग्राहियों को लाभ उपलब्ध कराने का कार्य एक ही स्थान पर किया जा रहा है।
