गुटखा थूकने से मना किया तो विवाद, पिता-पुत्र पर मारपीट का केस
महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र के बाराडोली गांव में सार्वजनिक पानी टंकी में गुटखा खाकर थूकने से मना करने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पिता-पुत्र ने एक व्यक्ति के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। रॉड से हमला किए जाने से उसके पैर में चोट आई है।
पुलिस के अनुसार बाराडोली निवासी प्रेमलाल चौहान ने शिकायत दर्ज कराई है कि 30 सितंबर को राकेश डड़सेना ने गांव की सार्वजनिक पानी टंकी में गुटखा खाकर थूक दिया था। प्रेमलाल ने उसे ऐसा करने से मना किया तो राकेश गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद एक अक्टूबर को प्रेमलाल इस संबंध में राकेश के पिता राधेश्याम डड़सेना को बताने उनके घर गया था।
आरोप है कि वहां राधेश्याम और राकेश ने प्रेमलाल के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट शुरू कर दी। रॉड से मारपीट करने से उसके पैर में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे सुशांत जगत के साथ भी दोनों ने गाली-गलौज की।
शिकायत पर बसना पुलिस ने राधेश्याम डड़सेना और राकेश डड़सेना के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5), 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
