जिला स्तरीय शालेय टेनिस प्रतियोगिता सम्पन्न, संभागीय स्पर्धा के लिए खिलाड़ियों का चयन
61 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, 11 अगस्त को होगी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता
महासमुंद। जिला स्तरीय शालेय टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन विकासखंड शिक्षा अधिकारी के संयोजन में फॉरेस्ट टेनिस कोर्ट, महासमुंद में किया गया। प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग की अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित हुईं। प्रतियोगिता में जिले के कुल 61 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के आधार पर चयनित खिलाड़ी 11 अगस्त को फॉरेस्ट टेनिस कोर्ट, महासमुंद में आयोजित संभाग स्तरीय शालेय टेनिस प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतियोगिता में रायपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी एवं महासमुंद जिले के खिलाड़ी भाग लेंगे।
बालिका अंडर-19 वर्ग में ओमेश्वरी विश्वकर्मा ने प्रथम तथा रागिनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में पद्मिनी साहू प्रथम एवं मुस्कान निषाद द्वितीय रहीं। वहीं अंडर-14 वर्ग में सिद्रा सिद्दीकी ने पहला और रिया साहू ने दूसरा स्थान हासिल किया।
बालक अंडर-19 वर्ग में गौतम साहू विजेता तथा हरीशंकर साहू उपविजेता रहे। अंडर-17 वर्ग में केशव साहू ने प्रथम एवं याशिस देवांगन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 वर्ग में नूरसागर पटेल ने पहला तथा भावेश ने दूसरा स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, सहायक क्रीड़ा अधिकारी अंजली बरमाल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी हिना ढालेन, सेजेस हिन्दी माध्यम विद्यालय के प्राचार्य संध्या चंद्राकर, लेखराम दिवान एवं प्रशिक्षक अंजनी साहू सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए संभागीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अंजनी साहू, इंद्राणी भास्कर, नवनीत, इमरान अली एवं कमला मांझी का विशेष सहयोग रहा।
