उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का हुआ सम्मान

खट्टीडीह- कापा में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. एकता लंगेह ने दिया आत्मनिर्भर बनने का संदेश, नशामुक्ति की शपथ और पौधरोपण भी हुआ
महासमुंद। जिले के ग्राम पंचायत खट्टीडीह कापा में महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत के तत्वावधान में ‘महिला सशक्तिकरण से स्वावलंबन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज सेविका डॉ. एकता लंगेह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सृष्टि चंद्राकर एवं जनपद सदस्य श्रीमती सुधा चंद्राकर उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही महिलाओं का सम्मान रहा। इस दौरान महिला स्व-सहायता समूहों की उत्कृष्ट सदस्यों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा मितानिनों को समाज और समुदाय के विकास में उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. एकता लंगेह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं के लिए घर बैठे भी रोजगार और स्वरोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। महिलाओं को अपनी रुचि एवं कौशल के अनुरूप प्रशिक्षण प्राप्त कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और ग्रामीण महिलाओं में भी अपार क्षमता है। उन्होंने सम्मानित महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सृष्टि चंद्राकर ने महिलाओं से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम है। वहीं जनपद सदस्य श्रीमती सुधा चंद्राकर ने महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार अपनाने, नए उद्यम शुरू करने तथा आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को महतारी वंदन योजना, महिला स्वास्थ्य, महिला हिंसा से संरक्षण के कानूनी प्रावधान, महिला आर्थिक स्वावलंबन तथा उनके संवैधानिक अधिकारों सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं एवं बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रीमती तारिणी चंद्राकर ने उपस्थित महिलाओं, पुरुषों एवं ग्रामवासियों को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इसके बाद अतिथियों ने मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम का संचालन गोपाल साहू ने किया। आभार प्रदर्शन करते हुए योगेश्वर चंद्राकर ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं के बीच पहुंचकर डॉ. एकता लंगेह ने उनका मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के माध्यम से अपनी अलग पहचान स्थापित करना महिलाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है तथा ऐसे आयोजन ग्रामीण महिलाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। इस अवसर पर ग्राम सरपंच भुनेश्वर ध्रुव, विकास चंद्राकर, श्रीमती शोभा शर्मा, कल्याणी, श्रीमती पूनम श्रीवास्तव, सालिक साहू, गंगाराम, ईश्वर सहित क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।