बेमचा के पनखटिया तालाब में जुआ फड़ पर पुलिस की रेड, तीन जुआरी गिरफ्तार
31,980 रुपये नकद, 11 बाइक व चार मोबाइल समेत 3.83 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, 10 आरोपी फरार
महासमुंद। ग्राम बेमचा स्थित पनखटिया तालाब के किनारे संचालित जुआ फड़ पर पुलिस ने मंगलवार रात छापेमार कार्रवाई करते हुए तीन जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 31,980 रुपये नकद, चार स्मार्टफोन तथा 11 मोटरसाइकिल समेत करीब 3.83 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। वहीं अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर 10 आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 4 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बेमचा के पनखटिया तालाब के किनारे 52 पत्ती ताश पर रुपये का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने टीम गठित कर मौके की घेराबंदी की और जुआ फड़ पर दबिश दी।
अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से जुआरियों में भगदड़ मच गई। अंधेरे का लाभ उठाकर इन्द्रा, संदीप, पूनाराम सहित 10 आरोपी फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सालिक राम चंद्राकर, राजकुमार निषाद और दीपक चंद्राकर को मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान जुआ फड़ एवं आरोपियों के कब्जे से 31,980 रुपये नकद, चार स्मार्टफोन तथा घटनास्थल पर खड़ी 11 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 3 लाख 83 हजार 980 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के साथ फरार 10 आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
