10 माह से फरार अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से दबोचा गया आरोपी
महासमुंद पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई, 190 किलो गांजा तस्करी मामले में मिली बड़ी सफलता
महासमुंद। जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 10 महीने से फरार चल रहे अंतरराज्यीय गांजा तस्कर अमूल्य कुमार बिशोई को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया गया है। महासमुंद पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर सुनाबेड़ा (ओडिशा) में दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा।
190 किलो गांजा के साथ फरार हुआ था आरोपी
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2025 को आरोपी अपनी कार (क्रमांक OR07Z0093) में करीब 190 किलोग्राम गांजा लेकर तस्करी कर रहा था। थाना खल्लारी क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसने एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी कार और उसमें रखा गांजा छोड़कर फरार हो गया था।
पहचान छिपाकर बदलता रहा ठिकाना
घटना के बाद आरोपी लगातार अपनी पहचान छिपाकर अलग-अलग स्थानों पर रहकर पुलिस को चकमा दे रहा था। लंबे समय तक फरार रहने के बावजूद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली।
एनडीपीएस एक्ट और बीएनएस की धाराओं में दर्ज था मामला
आरोपी के खिलाफ थाना खल्लारी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) एवं बीएनएस की धाराएं 281, 125(A), 125(B) और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने 7 अप्रैल 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आरोपी का विवरण
अमूल्य कुमार बिशोई (48 वर्ष)
पिता: सनातन बिशोई
निवासी: सुनाबेड़ा, जिला कोरापुट (ओडिशा)
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना खल्लारी एवं साइबर थाना महासमुंद की टीम की विशेष भूमिका रही, जिनकी सतत निगरानी और तकनीकी जांच के चलते आरोपी को पकड़ना संभव हो सका।
