अवैध डीज़ल कारोबार का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

150 लीटर डीज़ल, आयशर माजदा वाहन सहित 6.15 लाख की संपत्ति जब्त
महासमुंद। थाना पिथौरा पुलिस ने अवैध डीज़ल खरीदी-बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रेड कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 150 लीटर डीज़ल, नाप-तौल का सामान और एक आयशर माजदा वाहन सहित कुल 6 लाख 15 हजार 900 रुपए की संपत्ति जब्त की है।
मुखबिर सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मेमरा में एक किराना दुकान/मकान में अवैध रूप से डीज़ल का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापा मारा, जहां आरोपी निर्मल यादव अपने सहयोगी खेमराज पटेल के साथ बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के ज्वलनशील पदार्थ डीज़ल का भंडारण करते पाए गए।
वाहन से डीज़ल चोरी कर बेचा जा रहा था
जांच में सामने आया कि आयशर माजदा वाहन (CG 23 H 7776) का चालक गिरधर सिन्हा वाहन से डीज़ल चोरी कर निकालता था और उसे आरोपियों को बेचता था। इसके बाद अवैध रूप से उसकी बिक्री की जाती थी।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 287, 303(2), 317(2), 3(5) तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। साथ ही ज्वलनशील पदार्थों को बिना सुरक्षा मानकों के रखने पर भी कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
निर्मल यादव (32 वर्ष), ग्राम मेमरा, थाना पिथौरा
खेमराज पटेल (20 वर्ष), ग्राम चिखली, थाना पिथौरा
गिरधर सिन्हा (35 वर्ष), फुलकर्रा, जिला गरियाबंद
जब्त संपत्ति का विवरण
150 लीटर डीज़ल (कीमत लगभग ₹15,000)
पाइप, चांदी, टीन का लीटर मापक सहित अन्य सामग्री (₹900)
आयशर माजदा वाहन (कीमत ₹6,00,000)
आरोपियों को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।