सट्टा लगाने ग्राहक बनकर पुलिस ने रचा जाल, आईफोन समेत महंगे मोबाइल और नकदी जब्त, दो गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में बागबाहरा थाना पुलिस ने सट्टा कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बागबाहरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस स्टैंड क्षेत्र में सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राहक बनकर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सट्टा लिखते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
पहली कार्रवाई में आरोपी नीरज सोनी (36 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 4, थानापारा बागबाहरा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से सट्टा पट्टी के साथ एक एप्पल कंपनी का मोबाइल (कीमत 20,000 रुपये), एक सैमसंग मोबाइल (कीमत 10,000 रुपये) और 2,000 रुपये नकद जब्त किए गए। कुल 32,010 रुपये की संपत्ति जब्त कर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 75/26 के तहत कार्रवाई की गई।
वहीं दूसरी कार्रवाई में आरोपी जयेश साहू (45 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 3, थाना पारा बागबाहरा को पकड़ा गया। उसके पास से सट्टा पट्टी, एक वीवो मोबाइल (कीमत 10,000 रुपये) और 1,800 रुपये नकद बरामद किए गए। कुल 11,800 रुपये की संपत्ति जब्त कर अपराध क्रमांक 76/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।