जुए के अड्डे पर पुलिस का छापा: 9 जुआरी गिरफ्तार
1.36 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
महासमुंद। चौकी भंवरपुर थाना बसना पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम बनडबरी (क) में चल रहे जुए के फड़ पर छापेमारी कर पुलिस ने 9 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस ने 1.36 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति भी जब्त की है।
पुलिस को 7 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बनडबरी से संतपाली जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक नीम के पेड़ के नीचे कुछ लोग 52 पत्ती ताश से ‘काट पत्ती’ नामक जुआ खेल रहे हैं। इस सूचना के आधार पर, पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मौके पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान, पुलिस ने जुआ खेलते हुए 9 आरोपियों को पकड़ा। उनके पास से 12,300 रुपये नकद, लगभग 30 हजार रुपये मूल्य के 8 मोबाइल फोन और लगभग 94,000 रुपये मूल्य की 6 पुरानी मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। इसके अतिरिक्त, 52 पत्ती ताश और जुए से संबंधित अन्य सामग्री भी बरामद की गई। जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य 1,36,300 रुपये आंका गया है।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) और जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।
