जिले में हो रहा है गांजे का काला कारोबार, 8 पर कार्रवाई
कम मात्रा में गांजा लाकर पुड़िया बनाकर बाजार में बेच रहे हैं
पुलिस के लिए चुनौती बनता जा रहा है
महासमुंद। ओडिशा से गांजा लेकर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में तस्करी का खेल लगातार जारी है। दूसरी ओर अब जिले में अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने के साथ-साथ गांजे का कारोबार भी फल फूल रहा है। गांजे की गौरख धंधे में संलिप्त लोग कम मात्रा में गांजा लाकर पुड़िया बनाकर बाजार में बेच रहे हैं। पुलिस ने हाल ही में अलग-अलग थानों में गांजा की अवैध बिक्री में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की है। पान दुकान, किराना दुकान, चाय ठेला से गांजे की बिक्री करना भी पाया गया। इससे साफ जाहिर होता है कि जिले में गांजा जैसे नशे का काला कारोबार फल-फूल रहा है।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वार्ड नंबर 06 नयापारा शिव मंदिर के पास निवासी किशन लाल यादव (26) की किराना दुकान से एक प्लास्टिक बोरी में 02.479 किलो (कीमत 25 हजार) गांजा बरामद किया। दूसरे मामले में शहर के ही वार्ड नंबर 15 महामाया पारा निवासी गजेंद्र सिंह राजपूत (43) से 1.610 किलो (कीमत 16 हजार रुपए) बरामद किया। इसी तरह सरायपाली पुलिस ने वार्ड नंबर 07 सागरपाली निवासी गोपाल साहू (60) से 833 ग्राम (कीमती 30 हजार रुपए) बरामद किया। घंटेश्वरी मंदिर प्रतीक्षालय के पास वार्ड नंबर 03 महलपारा निवासी रोपी चूड़ामणि महापात्र (56) गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने उससे 400 ग्राम गांजा जब्त किया है। इसी तरह नगर पालिका के पास यात्री प्रतीक्षालय से अंबेडकर नगर वार्ड नंबर 01 थाना सरायपाली निवासी दिलचंद सहिस (26) से 216 ग्राम गांजा (कीमत 2 हजार रुपए) व मोबाइल जब्त किया है। गांजा जब्ती के एक अन्य मामले में पटेवा पुलिस ने लक्ष्मी पान सेंटर ग्राम झलप में छापामार कार्रवाई कर परस राम यादव (65) से 200 ग्राम (कीमत 3 हजार रुपए) का गांजा जब्त किया। आरोपी परस राम यादव ने उक्त गांजा ग्राम गड़बेड़ा निवासी संतोष साहू द्वारा देना बताया। इस पर गड़बेड़ा पहुंचकर आरोपी संतोष साहू से पूछताछ की गई। जिसने ग्राम झलप निवासी परसराम यादव के पास 200 ग्राम गांजा एवं जोगीडीपा निवासी ललित कुमार जांगड़े के पास 300 ग्राम गांजा बिक्री करना बताया। बाद में पुलिस ने अन्य आरोपी ललित कुमार जांगड़े को उसके चाय ठेला ग्राम जोगीडीपा से गिरफ्तार कर 300 ग्राम गांजा (कीमत 4500 रुपए) जब्त किया गया। इसी तरह पिथौरा पुलिस ने ग्राम लाखागढ़ वार्ड नंबर 07 निवासी द्रोपती चक्रधारी (40) से 50 ग्राम गांजा (कीमत 425 रुपए) जब्त किया। इधर, बागबाहरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वार्ड नंबर 15 रावणभाठा निवासी रवि मांझी (27) से 230 ग्राम गांजा व नकदी 500 रुपए जब्त किया। उक्त सभी मामला में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 20(बी) के तहत कार्रवाई कर ज्यूडिशियल रिमांड पर भेजा गया है।
