मारपीट में दो पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज
महासमुंद। सरायपाली पुलिस ने मारपीट के मामले में आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस को ग्राम कुटेला निवासी नारायण लाल ने बताया कि 29 अगस्त की रात 8.30 बजे गांव के दुर्गा चौक के पास सूरज पटेल उर्फ सूर्यप्रकाश पटेल और दिनेश पटेल बैठे थे, उसी समय वह वहां गया और सूरज पटेल से कहा कि कल तुम लोग ताश में हार गये थे। इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई और सूरज पटेल उर्फ सूर्यप्रकाश पटेल एवं दिनेश पटेल ने जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध धारा 115(2), 296, 3(5), 351(2) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।
इधर दूसरे पक्ष के सूर्यकांत ने पुलिस को बताया कि 29 अगस्त की रात 8.30 बजे गांव के दुर्गा चौक के पास वह चाचा दिनेश पटेल के साथ बैठा था। उसी समय गांव का नारायण पटेल हमारे पास आया और कल तुम ताश बीच में छोड़कर भाग गए थे कहकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बाद वह अपने चाचा दिनेश पटेल के साथ रिपोर्ट लिखाने थाना सरायपाली आ रहे थे। कुटेला गांव चौक के पास अमित पटेल डस्टर कार में और अजित पटेल पैशन प्लस बाइक से आए और दोनों ने उसे और उसके चाचा के साथ गाली गलौज व मारपीट कर कार में तोड़फोड़ भी की। मामले में आरोपियों के विरूद्ध धारा 115(2), 126(2), 296, 3(5), 324(4), 351(2) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज किया है।
