धान खरीदी में 1.37 करोड़ का शार्टेज, प्रभारी और प्रबंधक के खिलाफ अपराध दर्ज

धान उपार्जन केंद्र डोंगरीपाली का मामला
महासमुंद। जेराभरन समिति अंतर्गत धान उपार्जन केंद्र डोंगरीपाली में धान खरीदी में हुई गड़बड़ी की जांच के बाद जिला सहकारी बैंक के ब्रांच मैनेजर ने मामले में समिति प्रभारी और प्रबंधक के विरूद्ध बसना थाने में शिकायत की है।
जिला सहकारी बैंक सांकरा के ब्रांच मैनेजर प्रमोद मांझी ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि प्राथमिक कृषि साख समिति मर्यादित जेराभरन के धान उपार्जन केंद्र डोंगरीपाली (छ) में धान की स्टॉक में कमी के संबंध में उनकी टीम ने जांच की, जिसमें धान उपार्जन केंद्र में मोटा धान 4426.78 क्विंटल की कमी पाई गई, जिसकी राशि क्विंटल 3100 रुपये की दर से 1,37,23,018 रुपये व पुराना बारदाना 10293 नग कम पाया गया जिसका प्रति नग 25 रुपये की दर से 2,57,325 रुपए होता है। इस तरह 1,39,80,343 रुपए की गड़बड़ी सामने आई है। जांच के समय धान खरीदी प्रभारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर भारत मांझी का जांच में उपस्थित नहीं होना तथा समिति प्रबंधक एवं अन्य सहकर्मियों के कथनानुसार भारत मांझी का फरार होना दर्शाता है कि उक्त कमी जानबूझकर की गई है। उक्त कमी के लिये धान खरीदी प्रभारी एवं कंप्यूटर ऑपरेटर भारत मांझी एवं समिति प्रबंधक ओमप्रकाश नायक संयुक्त रूप से जिम्मेदार हैं। इस लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 316 (3), (5), 318 (3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।