सर्व समाज ने देह व्यापार और शराब बिक्री बंद करने राज्यपाल के नाम थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
मौन रैली निकालकर पहुंचे थाना
समय रहते बंद नहीं कराया तो उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
महासमुंद। देह व्यापार में लिप्त महिला की छेड़छाड़ की शिकायत पर नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू की गिरफ्तारी के बाद सर्व समाज ने आज तुमगंव नगर पंचायत क्षेत्र में देह व्यापार और अवैध रूप से शराब बिक्री बंद कराने मौन रैली निकालकर राज्यपाल के नाम थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। सर्व समाज ने समय रहते देह व्यापार और शराब का गौरख धंधा बंद नहीं होने पर बड़ा आंदोलन करने की लिखित चेतावनी दी है।
तुमगांव स्थित राम मंदिर में रविवार को सर्व समाज की बैठक रखी गई। जिसमें सर्व समाज के साथ साहू समाज के जिलाध्यक्ष धरमदास साहू, कपिल साहू, ओमप्रकाश यादव, पार्षद रामशरण निर्मलकर, रोहित कुमार साहू, चोवाराम टांडेकर, शत्रुघन कुमार निषाद, पूर्व पार्षद गजेन्द्र साहू, पूर्व पार्षद विजय बंदे, जितेन्द्र यादव, मानिका साहू, रामभरोसा साहू, रमेश साहू,पुष्कर साहू सहित बड़ी संख्या में नगर की महिलाएं मौजूद रहे। बैठक में कल पुलिस द्वारा देह व्यापार में लिप्त महिला की शिकायत पर पुलिस द्वारा दोषपूर्ण कार्रवाई की निंदा की। साथ ही तुमगांव में तीन दशक से चल रहे देह व्यापार औ अवैध शराब बिक्री पर पुलिस द्वारा कोई भी कार्रवाई नही किए जाने पर भी समाज जनों ने चिंता जताई। समाज जनों कहा कि तुमगांव नगर पंचायत क्षेत्र का वातावरण दूषित होता जा रहा है। सर्व समाज ने इस पर भी चिंता जाहिर की है कि इन सब का प्रभाव पूरे नगर पंचायत क्षेत्र में रह रहे महिलाएं, बालिकाओं और बच्चों पर पड़ेगा। इनकी सुरक्षा सब की जिम्मेदारी है। सर्व समाज ने यह भी कहा कि पुलिस द्वारा प्रयास किया जाता तो देह व्यापार और शराब बिक्री कब का बंद हो चुका होता। लेकिन ऐसा नहीं लगता कि पुलिस द्वारा इस पर कोई अंकुश लगाया जाएगा। इसके लिए सभी समाज को कमर कसने की जरूरत है। बैठक के बाद सर्व समाज ने मौन रैली निकालकर तुमगांव थाना पहुंचकर राज्यपाल के नाम थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। समाजजनों ने कहा कि देह व्यापार और शराब बिक्री के कारण क्षेत्र में तुमगांव पूरी तरह बदनाम है, सभ्य लोग इससे काफी परेशान भी है। सर्व समाज ने स्पष्ट तौर पर कहा कि, समय रहते नगर पंचायत क्षेत्र में देह व्यापार और शराब बिक्री पूरी तरह बंद नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आसपास के ग्रामीणों के सहयोग से बड़ा आंदोलन किया जाएगा। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। पुलिस प्रशासन ने भी सर्व समाज को आस्वस्त किया है कि इन पर कार्रवाई कर बंद कराया जाएगा।
