
महासमुंद : स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं गायत्री परिवार से जुड़े महासमुंद निवासी पंडित ज्वाला प्रसाद शर्मा के निधन पर आज राजकीय सम्मान एवं गायत्री मंत्र के वैद्धिक मंत्रोच्चारण के साथ स्थानीय भलेसर रोड स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। प्रशासन की ओर से उनके पार्थिव शरीर को गार्ड आफ आनर दिया गया। उल्लेखनीय है कि पं. ज्वाला प्रसाद शर्मा 95 वर्ष का 8-9 मार्च 2019 की रात रायपुर के एक निजी चिकित्सालय में अंतिम सांस ली। महासमुंद के गांधी चौक स्थित उनके आवास से पार्थिव शरीर को गांधी चौक, नेहरू चौक, बरोंडा चौक होते हुए मुक्तिधाम लाया गया। यह भी उल्लेखनीय है कि पं. ज्वाला प्रसाद शर्मा ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ाई लड़े और आजादी के उपरांत सामाजिक सुधार के लिए अपने जीवन समर्पित किया। प्रशासन की ओर से कलेक्टर सुनील कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह, अपर कलेक्टर मोहम्मद शरीफ खान एवं एसडीओपी एन के सूर्यवंशी द्वारा उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी गई। उनके अंतिम संस्कार में महासमुंद विधायक विनोद चंद्राकर, अभनपुर के विधायक धनेन्द्र साहू, नगर पालिका अध्यक्ष पवन पटेल, पूर्व विधायक द्वय चंद्रशेखर साहू, डॉ. विमल चोपड़ा, संतोष उपाध्याय, पूनम चंद्राकर, बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष श्याम बैस, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मती सरला कोसरिया, दाऊलाल चंद्राकर, संयुक्त कलेक्टर शिवकुमार तिवारी, एसडीएम सुनील कुमार चंद्रवंशी, तहसीलदार भागीरथी खांडे, नायब तहसीलदार देवेन्द्र नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, उनके परिजन, गायत्री परिवार के सदस्य, गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
