
टीकाकरण करवाने, कोरोना से बचाव के लिए जागरूक कर रहीं हैं- आंगनबाड़ी कार्यकर्ता,
आडियो वीडियो क्लिप से हितग्राही परिवारों को कर रहीं जागरूक,
जांजगीर-चांपा। राज्य सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले बच्चों के बौद्धिक क्षमता विकास और विभिन्न गतिविधियों में शामिल करने के लिए सजग अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान का एक वर्ष पूरा हो गया है। जिले में कोरोना संक्रमण के दौरान लाकडाउन व कंटेन्मेंट अवधि में बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गृह भेंट के माध्यम से अपने महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रहीं हैं।
महिला एवं बाल विकास संचालनालय द्वारा सजग अभियान के माध्यम से बच्चों के मानसिक विकास के लिए डिजिटल मोड पर आडियो, विडियो सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है। उपलब्ध आडियो वीडियो बच्चों के मानसिक विकास को ध्यान में रखकर बनाया गया है। यह आडियो, विडियो बच्चों के लिए आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक है। सजग अभियान के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर सजग आडियो का प्रत्येक कड़ी परिवार वालों को सुनाते हैं। आडियो वीडियो क्लीप के माध्यम से बच्चों को आदर्श व्यवहार सिखाया जा रहा है। इसके अलावा अभिभावकों को बच्चों की देख-रेख, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी से अवगत कराया जाता है। अभिभावकों द्वारा बच्चों से विभिन्न गतिविधियां कराई जाती है।
टेक अवे एवं आडियो क्लिप के माध्यम से हितग्राहियों से गृह भेंट कर साफ सफाई और कोरोना संक्रमण से बचाव के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। कोरोना से सुरक्षा के लिए टीकाकरण, मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंस का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। टीकाकरण के लाभ के बारे में जानकारी दी जा रही है। महिलाओं बच्चों और किशोरी बालिकाओं की समस्याओं का यथा संभव निराकरण करने का सार्थक प्रयास किया जाता है।
