सूदखोरी का खौफनाक खेल! 160 ब्लैंक चेक, 48 खाली स्टांप और जमीन के दस्तावेज बरामद

42 हजार रुपए उधार देकर वसूले 65 हजार, फिर भी नहीं लौटाए चेक; कैंसर पीड़ित मां के सामने दी गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी, बसना पुलिस ने रायपुर में दी दबिश
महासमुंद। जरूरतमंदों को कर्ज देकर उनके हस्ताक्षरयुक्त खाली चेक, बैंक पासबुक और जमीन के दस्तावेज कब्जे में रखने तथा ब्याज के नाम पर भयादोहन और जबरन वसूली का कथित बड़ा मामला सामने आया है। बसना पुलिस ने अवैध सूदखोरी के मामले में रायपुर के मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा में दबिश देकर आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा (53) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के निवास की तलाशी में विभिन्न लोगों के 160 हस्ताक्षरयुक्त ब्लैंक चेक, 48 हस्ताक्षरयुक्त खाली स्टांप पेपर, 24 बैंक पासबुक, 27 एटीएम, डेबिट व क्रेडिट कार्ड तथा नौ ऋण पुस्तिकाएं एवं जमीन के दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके अलावा ब्याज के लेन-देन का हिसाब रखने वाली दो डायरियां, दो नोट कॉपियां और 1.20 लाख रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के हस्ताक्षरयुक्त बैंक और जमीन संबंधी दस्तावेज मिलने से सूदखोरी के नेटवर्क को लेकर पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले की शुरुआत ग्राम बंसुलाडीपा निवासी विनोद चौहान की शिकायत से हुई। विनोद ने अपनी गाड़ी बनवाने की मजबूरी में आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा से 42 हजार रुपए उधार लिए थे। यह रकम उसके छोटे भाई पिताम्बर चौहान के बैंक खाते में जमा कराई गई थी। आरोप है कि रकम देने के दौरान आरोपी ने औपचारिकता का हवाला देकर विनोद और उसके भाई के हस्ताक्षरयुक्त खाली चेक, बैंक पासबुक तथा आधार कार्ड की प्रतियां अपने पास रख ली थीं।
इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर वसूली का दबाव बनाना शुरू कर दिया। शिकायत के मुताबिक, घर पर लोगों को भेजकर और फोन पर डराने-धमकाने के जरिए छोटे भाई के फोन-पे से आठ महीने में 40 हजार रुपए वसूल किए गए। इतना ही नहीं, घर के बर्तन और सोने-चांदी के सामान बिकवाकर 25 हजार रुपए नकद भी लिए गए। इस तरह 42 हजार रुपए के मूल कर्ज के एवज में 65 हजार रुपए वसूलने के बाद भी आरोपी ने खाली चेक वापस नहीं किए।
पीड़ित का आरोप है कि पूरी रकम चुकाने के बावजूद आरोपी ने चेक वापस करने के बजाय दबाव और धमकी का रास्ता अपनाया। वह पीड़ित के घर में घुसकर उसकी कैंसर पीड़ित मां के सामने अश्लील गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि खाली चेक में मनमानी रकम भरकर अलग-अलग न्यायालयों में प्रकरण दर्ज कराने और परिवार को बर्बाद कर देने का भय दिखाकर लगातार भयादोहन किया गया।
रायपुर के फ्लैट में मिले सूदखोरी के दस्तावेज
शिकायत की जांच के बाद बसना थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 296, 351(2) और छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम 1937 की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए 13 नवंबर को बसना पुलिस की टीम ने रायपुर के मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा के फ्लैट क्रमांक ए-302 में दबिश दी। तलाशी के दौरान अलग-अलग व्यक्तियों के नाम से जुड़े हस्ताक्षरयुक्त खाली चेक, स्टांप, जमीन के दस्तावेज, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और ब्याज के लेन-देन का हिसाब रखने वाली डायरियां मिलीं।
पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा, पिता स्व. गुरुदयाल सिंह छाबड़ा, उम्र 53 वर्ष, निवासी डॉल्फिन प्लाजा मोवा, रायपुर (स्थायी निवासी वार्ड क्रमांक 10, बसना) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से मोबाइल फोन और नकदी जमा करने की बैंक पर्ची भी जब्त की गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अब जब्त दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास मिले सैकड़ों हस्ताक्षरयुक्त चेक और अन्य दस्तावेज किन-किन लोगों के हैं तथा इस कथित सूदखोरी के दायरे में कितने लोग प्रभावित हुए हैं।