मातर महोत्सव में अशवंत ने कलाकारों के साथ किया राउत नाचा
भलेशर नयापारा और परसकोल में लोकसंस्कृति की दिखी अनूठी छटा, पारंपरिक नृत्य में शामिल होकर दिया अपनी माटी और परंपरा से जुड़ाव का संदेश
महासमुंद। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और ग्रामीण परंपराओं का पर्व मातर महोत्सव ग्राम भलेशर नयापारा एवं परसकोल में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। दोनों गांवों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशवंत तुषार साहू विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान उनका पारंपरिक राउत नाचा में कलाकारों के साथ थिरकता अंदाज आकर्षण का केंद्र रहा।
महोत्सव में अशवंत तुषार साहू ने अतिथि की औपचारिक भूमिका तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि लोककलाकारों के बीच पहुंचकर राउत नाचा में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। पारंपरिक धुनों और लोकगीतों की गूंज के बीच उन्होंने कलाकारों के साथ कदमताल की। उनका यह अंदाज देखकर आयोजन में मौजूद ग्रामीणों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की असली पहचान उसकी माटी, लोककला, संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं में बसती है। राउत नाचा महज एक लोकनृत्य नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों में सहभागिता करना अपनी जड़ों से जुड़ने और लोकपरंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि मातर महोत्सव जैसे पारंपरिक आयोजन ग्रामीण समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। साथ ही नई पीढ़ी को पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीतों और लोकनृत्यों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लोकसंस्कृति को सहेजना और उसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
साहू ने दोनों गांवों के आयोजनकर्ताओं, लोककलाकारों और ग्रामवासियों की सराहना करते हुए उनके प्रयासों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। अंत में उन्होंने ग्राम भलेशर नयापारा एवं परसकोल के ग्रामीणों के प्रति आभार जताते हुए सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।
