युवाओं की ऊर्जा से बनेगा विकसित भारत : तोमर
‘युवा उड़ान 2026’ में प्रतिभा, नवाचार और राष्ट्र निर्माण पर संवाद, उत्कृष्ट युवाओं का सम्मान
महासमुंद। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और रचनात्मक क्षमता को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को शंकराचार्य भवन में ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद और मां भारती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का बैच लगाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि बीजापुर से शुरू हुआ ‘युवा उड़ान’ अब महासमुंद सहित प्रदेश के 14वें जिले तक पहुंच चुका है। इसका उद्देश्य युवाओं से संवाद कर उनकी प्रतिभा पहचानना और उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। युवाओं को लक्ष्य तय कर निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा रचनात्मक और सकारात्मक सोच वाले हैं तथा प्रदेश शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। सरकार नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाले युवाओं को अवसर और सहयोग उपलब्ध करा रही है। युवाओं को प्रतिभा के साथ नैतिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को भी अपनाना चाहिए।
पूर्व राज्य युवा आयोग सदस्य प्रशांत श्रीवास्तव ने कहा कि युवा उड़ान युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने और ऊर्जा को सही दिशा देने का मंच है। अमन वर्मा ने युवाओं को देश की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले की विकास उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि महासमुंद में एक लाख से अधिक आवासों का निर्माण हुआ है। ‘मोर गांव-मोर पानी’ अभियान में भी जिले ने उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने युवाओं से अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य चुनने तथा नशे से दूर रहने की अपील की।
कार्यक्रम में केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत में युवाओं की भूमिका पर परिचर्चा हुई। युवाओं ने सवाल, सुझाव और विचार साझा किए। खेल, शिक्षा, स्काउट-गाइड, एनसीसी और एनएसएस सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, स्काउट-गाइड जिला अध्यक्ष ऐतराम साहू, जिला पंचायत सदस्य जुगनू चंद्राकर, नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, जनपद सदस्य विजय लक्ष्मी जांगड़े व निधि चंद्राकर, जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
