रावण भाठा में कचरा फेंकने वालों पर अब होगी कार्रवाई

नगर पालिका ने कराई तत्काल सफाई, फोटो-वीडियो से पहचान होने पर सार्वजनिक होगी जानकारी
महासमुंद। वार्ड क्रमांक 14 और 16 के बीच स्थित पुराने रावण भाठा की खाली जमीन पर पिछले दो दिनों से कचरा फेंके जाने की शिकायत सामने आने के बाद नगर पालिका ने तत्काल कार्रवाई की। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मामला प्रसारित होने के बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने इसे संज्ञान में लेते हुए सफाई अमले को मौके पर भेजा। टीम ने स्थल की सफाई कराकर जमा कचरा हटाया।
नगर पालिका सीएमओ सौरभ शर्मा ने संबंधित कर्मचारियों को उक्त स्थल पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकते हुए पाया जाता है तो उसके फोटो, वीडियो अथवा अन्य उपलब्ध प्रमाण के आधार पर पहचान सुनिश्चित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, पुख्ता साक्ष्य मिलने पर कचरा फेंकने वाले व्यक्ति की जानकारी समाचार पत्रों एवं अन्य सार्वजनिक माध्यमों से भी साझा की जाएगी।
नगर पालिका के अनुसार शहर में सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई जा रही है। इससे पहले स्टेशन रोड के पास भी सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंके जाने का मामला सामने आया था। उस समय भी नगर पालिका ने साफ किया था कि फोटो, वीडियो अथवा अन्य पुख्ता साक्ष्य के आधार पर कचरा फेंकने वाले की पहचान होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और उसकी जानकारी सार्वजनिक की जा सकती है।
सफाई सिर्फ पालिका की नहीं, नागरिकों की भी जिम्मेदारी
नगर पालिका ने शहरवासियों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने और स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। पालिका का कहना है कि शहर को स्वच्छ रखना केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नागरिक अपने आसपास सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों को रोकें और ऐसे मामलों की सूचना नगर पालिका को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।