सूरज की रोशनी बनी विनोद वैष्णव की बचत का सहारा, अब बिजली बिल शून्य
– 3 किलोवॉट सोलर पैनल से मिली आर्थिक राहत
– स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ा परिवार
राजनांदगांव 07 अक्टूबर 2026। कभी हर महीने आने वाला बिजली बिल विनोद वैष्णव के लिए घरेलू खर्चों के बीच एक अतिरिक्त जिम्मेदारी हुआ करता था। कृषि-मजदूरी से होने वाली आय में घर-परिवार की जरूरतों को पूरा करते हुए बिजली बिल के लिए राशि अलग रखना जरूरी था। लेकिन प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना ने उनके लिए इस स्थिति को बदल दिया है। अब उनके घर की छत पर लगा 3 किलोवॉट का सोलर पैनल न केवल घर को स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध करा रहा है, बल्कि बिजली बिल से भी राहत दे रहा है। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम मुसराखुर्द निवासी विनोद वैष्णव बताते हैं कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उनके घर का बिजली बिल सामान्यत: 400 से 500 रूपए प्रतिमाह आता था। कृषि-मजदूरी का कार्य करने के कारण यह राशि भले ही बड़ी न लगे, लेकिन परिवार की दूसरी जरूरतों के बीच हर महीने होने वाला यह खर्च उनके लिए अतिरिक्त भार था। ऐसे में जब उन्हें सौर ऊर्जा से बिजली की जरूरत पूरी करने और शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता की जानकारी मिली, तो उन्होंने अपने घर पर सोलर पैनल लगवाने का निर्णय लिया।
विनोद वैष्णव ने बताया कि ग्राम पंचायत में आयोजित सूर्य सभा उनके लिए इस बदलाव की शुरूआत बनी। सूर्य सभा के माध्यम से उन्हें प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली। योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी और आसान वित्तीय सुविधा की जानकारी मिलने के बाद सोलर पैनल लगवाने का उनका संकोच दूर हुआ और उन्होंने घर की छत को ही ऊर्जा के नए स्रोत में बदल दिया। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल लगने के बाद अब उनके घर का बिजली बिल शून्य हो गया है। पहले बिजली बिल में खर्च होने वाली 400 से 500 रूपए की राशि अब बच रही है, जिसका उपयोग वे परिवार की अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रहे हैं। वैष्णव ने बताया कि यह बदलाव छोटी बचत से शुरू होकर परिवार के घरेलू बजट में बड़ी राहत का कारण बन गई है।
विनोद वैष्णव ने बताया कि शासन की आर्थिक सहायता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सोलर पैनल लगाने के लिए उन्हें केन्द्र शासन से 78 हजार रूपए तथा राज्य शासन से 30 हजार रूपए की सब्सिडी मिली। इस तरह कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की सब्सिडी का लाभ मिला। साथ ही बैंक से आसान किस्तों में राशि उपलब्ध होने से सोलर पैनल लगवाने की प्रक्रिया उनके लिए सहज हो गई। आज विनोद वैष्णव के घर की छत पर चमकते सोलर पैनल के साथ उनके परिवार के लिए बचत और स्वच्छ ऊर्जा की नई शुरूआत हुई है। उन्होंने बताया कि योजना की जानकारी गांव तक पहुंचने और शासन से मिली आर्थिक सहायता ने उनके लिए सौर ऊर्जा को अपनाना संभव बनाया। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से मिले इस लाभ के लिए विनोद वैष्णव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
