कटघोरा में नशामुक्ति, स्वास्थ्य और शासकीय योजनाओं पर नुक्कड़ नाटक

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की 30 छात्राओं ने दी प्रस्तुति
कोरबा, 07 अक्टूबर 2026/शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कटघोरा में जन-जागरूकता के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे विद्यालय के मुख्य प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने नशामुक्ति, स्वास्थ्य जागरूकता और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों, स्वस्थ एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने तथा शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के संबंध में जानकारी दी गई। प्रस्तुति में विद्यालय की 30 छात्राओं ने अभिनय और संवाद के जरिए सहभागिता की। कार्यक्रम में लगभग 400 छात्राएं उपस्थित रहीं।
पवन गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में अन्य गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे। विद्यालय के प्राचार्य, व्याख्याता, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों के सहयोग से आयोजन अनुशासित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।