उधारी के पैसे को लेकर दुकानदार से मारपीट

महासमुंद। उधारी की रकम को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने डेली नीड्स दुकान संचालक को बाइक पर बैठाकर तालाब के पास ले जाकर मारपीट कर दी। शिकायत के आधार पर सरायपाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वीरेंद्र नगर वार्ड क्रमांक 2, सरायपाली निवासी गौरव अविनाशी की 100 बिस्तर अस्पताल के पास डेली नीड्स की दुकान है। 5 अक्टूबर की दोपहर करीब 2 बजे वह दुकान पर था। इसी दौरान लियाकत अली, तौफिक खान और बाबू वहां पहुंचे। गौरव के पूर्व परिचित लियाकत अली ने उससे पैसे मांगे।
गौरव ने पहले से ली गई उधारी की रकम वापस नहीं करने की बात कहते हुए दोबारा पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद लियाकत अली गौरव को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर सरायपाली बस्ती स्थित शंकर तालाब के पास ले गया और वहां उसके साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की। बताया गया है कि लियाकत ने इसके बाद अपने साथी बिट्टू खान और नावेद खान को फोन कर मौके पर बुलाया। दोनों ने भी गौरव के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर सरायपाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।