ठेले के पास आने पर भड़का संचालक, युवक से मारपीट

महासमुंद। कोमाखान थाना क्षेत्र के कसेकेरा नवाडीह में ठेले के पास आने की बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि ठेला संचालक ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। पुलिस के अनुसार कसेकेरा नवाडीह निवासी पन्नालाल उर्फ पिंटू पटेल एक अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे गांव में गिलेश यादव के ठेले के पास अपने दोस्त कमलेश, गोलू और अमन से बातचीत करने गया था। इसी दौरान गिलेश यादव ने उसके ठेले के पास आने पर आपत्ति जताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि पन्नालाल ने इसका विरोध किया तो गिलेश यादव ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर कोमाखान पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 115(2), 296, 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।