गैस डिलीवरी वाहनों में अब बजेगा ‘भाई आया रे गैस सिलेंडर’, प्रशासन ने किया अनिवार्य
सील और वजन की जांच के प्रति उपभोक्ताओं को किया जाएगा जागरूक, हादसों पर अंकुश लगाने प्रशासन की पहल
महासमुंद। एलपीजी गैस सिलेंडर के इस्तेमाल और डिलीवरी के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने जागरूकता की अनूठी पहल शुरू की है। जिले में संचालित सभी गैस एजेंसियों के डिलीवरी वाहनों में अब सुरक्षा जागरूकता गीत ‘भाई आया रे गैस सिलेंडर’ अनिवार्य रूप से बजाया जाएगा।
जिला खाद्य अधिकारी आशीष चतुर्वेदी के निर्देश पर जिले के सभी गैस एजेंसी संचालकों को अपने डिलीवरी वाहनों में उक्त जागरूकता गीत बजाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा गया है। यह निर्देश छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग से प्राप्त पत्र के अनुपालन में जारी किया गया है।
सील और वजन की जांच के प्रति जागरूकता
प्रशासन का कहना है कि गैस सिलेंडर लेते समय कई उपभोक्ता सिलेंडर की सील और वजन की जांच नहीं करते। सुरक्षा संबंधी इन जरूरी सावधानियों की अनदेखी से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। डिलीवरी वाहनों में जागरूकता गीत बजाने का उद्देश्य उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलेंडर लेते समय आवश्यक सुरक्षा मानकों, सील की स्थिति और वजन की जांच के प्रति जागरूक करना है।
ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन ने तैयार किया गीत
यह सुरक्षा जागरूकता गीत ग्राहक दक्षता कल्याण फाउंडेशन द्वारा जनहित में तैयार किया गया है। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक नितिन सोलंके के अनुसार, जागरूकता के अभाव में देशभर में एलपीजी सिलेंडर से जुड़ी दुर्घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे में गीत के माध्यम से उपभोक्ताओं तक सुरक्षा संबंधी जरूरी संदेश आसानी से पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
गीत यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। गैस एजेंसियां इसे डाउनलोड कर अपने डिलीवरी वाहनों के साउंड सिस्टम के माध्यम से उपभोक्ताओं तक पहुंचा सकेंगी। प्रशासन को उम्मीद है कि इस पहल से गैस सिलेंडर के उपयोग और डिलीवरी के दौरान सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ेगी और संभावित हादसों को रोकने में मदद मिलेगी।
