सिरपुर में मनाया गया ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – अटूट आस्था के 1000 वर्ष’

गंधेश्वर महादेव मंदिर परिसर में हुआ विशेष आयोजन, एलईडी स्क्रीन पर देखा गया सोमनाथ से सीधा प्रसारण
महासमुंद। पुरातात्विक एवं धार्मिक नगरी सिरपुर स्थित गंधेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सोमवार सुबह 9 बजे ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व अटूट आस्था के 1000 वर्ष’ के अंतर्गत विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोमनाथ से हो रहे मुख्य आयोजन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। साथ ही भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ।
इस अवसर पर अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने भगवान गंधेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना कर जिलेवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए।
सोमनाथ भारत की सनातन चेतना का प्रतीक : रूपकुमारी चौधरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सोमनाथ केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आत्मगौरव और अटूट आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हजार वर्षों के संघर्ष और अनेक आक्रमणों के बावजूद सोमनाथ मंदिर आज भी अडिग खड़ा है, जो भारतीय सभ्यता की अमर चेतना और सांस्कृतिक शक्ति को दर्शाता है।
उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि सोमनाथ देश का पहला ज्योतिर्लिंग है। सन 1026 में आक्रांताओं द्वारा बार-बार हमले किए गए, लेकिन हर बार माता अहिल्याबाई होलकर ने मंदिर का जीर्णोद्धार कर उसके वैभव को बनाए रखा। उन्होंने कहा कि “यदि हम धर्म की रक्षा करेंगे, तो धर्म हमारी रक्षा करेगा।”
संस्कृति और स्वाभिमान का महापर्व : योगेश्वर राजू सिन्हा
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ राष्ट्र की सांस्कृतिक चेतना और गौरव का महापर्व है। यह आयोजन देश के इतिहास, त्याग और सभ्यतागत मूल्यों की याद दिलाने के साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि धर्म और संस्कृति पर जिसने भी हमला किया, अंततः हमारी संस्कृति ने ही उसे संरक्षण दिया। इसलिए अपनी संस्कृति और धर्म की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य है।
श्रद्धालुओं को वितरित किया गया प्रसाद
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने सोमनाथ से सीधा प्रसारण देखा। आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर राज्य बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, दाऊलाल चंद्राकर, सरपंच पुष्पा माली, कलेक्टर विनय लंगेह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, जनपद अध्यक्ष दिशा दीवान, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवी चंद राठी, महेंद्र सिक्का, प्रशांत श्रीवास्तव, अरविंद प्रहरे, राहुल चंद्राकर, आनंद साहू, जनपद सीईओ बी.एस. मंडावी एवं जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।