बिना लाइसेंस संचालित हो रहा था अवतार ढाबा, खाद्य विभाग की छापेमार कार्रवाई

ग्रेवी का नमूना जांच के लिए रायपुर लैब भेजा गया, संचालक को जारी किया नोटिस
महासमुंद। अभिहित अधिकारी खाद्य एवं औषधि प्रशासन महासमुंद उमेश कुमार तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पिथौरा के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शिकायत प्राप्त होने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पिथौरा क्षेत्र स्थित एक ढाबे में औचक निरीक्षण किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई एवं खाद्य निरीक्षक पिथौरा दिव्यांशु देवांगन की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित टप्पा सेवईया के मेसर्स अवतार ढाबा में दबिश दी। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि ढाबे में कार्यरत कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र एवं जल परीक्षण रिपोर्ट का संधारण नहीं किया गया था।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि फर्म बिना खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन के खाद्य कारोबार संचालित कर रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने प्रकरण दर्ज कर ढाबा संचालक को बिना वैध लाइसेंस एवं पंजीयन के खाद्य व्यवसाय संचालित नहीं करने संबंधी नोटिस जारी किया है।
वहीं, प्राप्त शिकायत के आधार पर ढाबे से खुले ग्रेवी खाद्य पदार्थ का विधिक नमूना भी संकलित किया गया है। नमूने को गुणवत्ता परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला कालीबाड़ी रायपुर भेजा जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।