महासमुंद में 247 किलो गांजा जब्त, 10 आरोपी गिरफ्तार
बाइक में बनाए थे गुप्त कम्पार्टमेंट, 7 मोटरसाइकिल और 6 मोबाइल भी बरामद
महासमुंद। जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 247 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। कार्रवाई में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त 7 मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल फोन और गांजा छिपाने के लिए इस्तेमाल किए गए 5 लोहे के विशेष जाले भी बरामद किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 28 लाख 44 हजार रुपये बताई गई है। जानकारी के अनुसार थाना बसना पुलिस को ओडिशा से महासमुंद की ओर गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। पुलिस ने घेराबंदी कर पांच मोटरसाइकिलों को रोककर जांच की। पूछताछ के दौरान आरोपी खुद को कपड़ा विक्रेता बताकर घूमना बता रहे थे, लेकिन तलाशी लेने पर पुलिस हैरान रह गई। मोटरसाइकिलों की पिछली सीट के नीचे लोहे के विशेष कम्पार्टमेंट बनाकर उसमें गांजा छिपाया गया था।
इसी दौरान पुलिस ने एक अन्य मामले में 23 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं थाना कोमाखान पुलिस ने टेमरी जांच नाका पर कार्रवाई करते हुए एक होंडा साइन मोटरसाइकिल से 9 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपी
मेताप टाटिया (20), जिला खंडवा, मध्यप्रदेश
रमेश चौहान (30), जिला बैतूल, मध्यप्रदेश
राजू कुमावत टाकिया (25), जिला बैतूल, मध्यप्रदेश
दीपक राजपूत (27), जिला ललितपुर (उप्र.-मप्र. बॉर्डर)
प्रकाश बंजारा (23), जिला रायसेन, मध्यप्रदेश
मोहम्मद रिहान (37), जिला अनुपपुर, मध्यप्रदेश
मनोज सिंह (36), जिला अनुपपुर, मध्यप्रदेश
चंद्रशेखर (22), जिला नागपुर, महाराष्ट्र
जितेंद्र (24), जिला नागपुर, महाराष्ट्र
विकास (19), जिला नागपुर, महाराष्ट्र
जब्त सामग्री
247 किलो गांजा
7 मोटरसाइकिल
6 मोबाइल फोन
गांजा छिपाने में प्रयुक्त 5 लोहे के जाले
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
